Dec 6, 2015

‘विटामिन ए का बच्चों पर पहरा, चमकती आंखे चमकता चेहरा’

कुपोषण से बचाव के लिये मां-बाप को दवा व खुराक का महत्व बतायें-पंकज यादव 

सियासत संवाददाता
मेरठ। महिला चिकित्सालय पुलिस लाइन में बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारम्भ जिलाधिकारी पंकज यादव ने फीता काटकर व प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना कर किया। इस अवसर  पर पंकज यादव ने कहा कि विटामिन ए का बच्चों पर पहरा, चमकती आंखे चमकता चेहरा। उन्होंने आम जन से अपील की कि सभी अभिभावकों को अपने बच्चों को विटामिन ए की खुराक अवश्य पिलानी चाहिए। साथ ही टीकाकरण कर उन्हें 07 जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखना चाहिए। उन्होनंे कहा कि बच्चों को कुपोषण से बचाव के लिये मां-बाप को दवा व खुराक का महत्व बतायें क्योंकि कुपोषण से बच्चों का संर्वांगीण विकास बाधित होता है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रमेश चन्द्रा ने बताया कि बाल स्वास्थ्य पोषण माह प्रत्येक वर्ष के माह जून व दिसम्बर में आयोजित किया जाता है जिसमें 09 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक छः-छः माह के अन्तराल पर दी जाती है। उन्होंने बताया कि पोषण माह को सफल बनाने के लिये विटामिन ए की खुराक पिलाने के साथ साथ आंगनबाडी कार्यकत्री द्वारा बच्चों का वजन लिया जायेगा तथा कुपोषित बच्चों को इलाज के लिये सन्दर्भित किया जायेगा, साथ ही माताओं को स्तनपान, कीड़ो से बचाव की दवा, ओ0आर0एस0 तथा आयोडीन नमक के प्रयोग के महत्व के बारे में भी बताया जायेगा।  उन्होंने बताया कि बाल स्वास्थ्य पोषण मांह आगामी 31 दिसम्बर तक चलेगा जिसमें जनपद के सभी प्राथमिक व सामुदायिक केन्द्रों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केन्द्रों पर भी विटामिन ए की खुराक पिलायी जायेगी।

जोइंट मजिस्ट्रेट दिव्या मित्तल ने बताया कि बच्चों स्वस्थ व ह्रष्ट पुष्ट रहने के लिये विटामिन ए की खुराक आवश्यक है। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा0 वाईपीएस यादव, डा0 अशोक अरोडा़, डी0एम0सी0 प्रवीन कौशिक, रेड क्रास के चेयरमैन अजय मित्तल, कोषाध्यक्ष मनमोहन अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

No comments: